नैनीताल/टिहरी गढ़वाल। उत्तराखंड के नैनीताल और नई टिहरी स्थित जिला न्यायालयों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। नैनीताल जिला एवं सत्र न्यायालय को लगातार दूसरे दिन धमकी भरा ईमेल प्राप्त हुआ, जबकि टिहरी जिला न्यायालय की आधिकारिक ईमेल आईडी पर भी विस्फोटक लगाए जाने की सूचना दी गई।

मंगलवार सुबह 7:11 बजे जिला जज के आधिकारिक ईमेल पते पर भेजे गए संदेश में दावा किया गया कि कोर्ट परिसर में आरडीएक्स से बने पांच बम और ह्यूमन बम लगाए गए हैं, जो सुबह 11:15 बजे विस्फोट करेंगे। ईमेल में अदालत को तुरंत खाली करने की चेतावनी भी दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस, डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंचा। जज चैंबर, अधिवक्ता कक्ष, पार्किंग और अन्य सार्वजनिक स्थानों की गहन तलाशी ली गई। हालांकि जांच में कोई भी संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई।
इससे एक दिन पहले भी इसी तरह का धमकी भरा ईमेल प्राप्त हुआ था, जिसके चलते न्यायिक कार्य आंशिक रूप से प्रभावित रहा। मामले में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
धमकी भरे संदेश के अंत में कथित तौर पर “तमिल टाइगर्स ऑफ ईलम” और “पाकिस्तान आईएसआई” के नाम का उल्लेख किया गया है। पुलिस साइबर विशेषज्ञों की मदद से ईमेल की तकनीकी जांच कर रही है।
उधर नई टिहरी स्थित जिला न्यायालय की आधिकारिक ईमेल पर भी बम प्लांट किए जाने की सूचना मिली। सूचना के बाद पुलिस और एलआईयू टीम ने पूरे परिसर की सघन जांच की। वहां भी कोई विस्फोटक नहीं मिला।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दोनों मामलों को गंभीरता से लिया गया है। कोर्ट परिसरों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और धमकी भरे ईमेल भेजने वालों की पहचान के लिए साइबर जांच जारी है।