उत्तराखंड के उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में लगातार हो रही बर्फबारी को देखते हुए रक्षा भू-सूचना विज्ञान अनुसंधान प्रतिष्ठान (डीजीआरई) ने हिमस्खलन की चेतावनी जारी की है। डीजीआरई के पूर्वानुमान के अनुसार शुक्रवार शाम से शनिवार शाम तक उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग और पिथौरागढ़ जिलों को एवलांच डेंजर लेवल-3 में रखा गया है, जबकि बागेश्वर जिले में खतरे का स्तर लेवल-2 बताया गया है।

पूर्वानुमान में कहा गया है कि भारी बर्फबारी के चलते इन जिलों के संवेदनशील क्षेत्रों में हिमस्खलन की घटनाएं हो सकती हैं। चेतावनी के बाद राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने जिला प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ, स्वास्थ्य विभाग सहित सभी संबंधित विभागों को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए हैं। साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने और आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करने को कहा गया है।
आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विभाग के सचिव विनोद कुमार सुमन ने पहाड़ी इलाकों में रहने वाले नागरिकों, पर्यटकों, चारधाम यात्रियों और पर्वतीय मार्गों पर यात्रा कर रहे लोगों से अपील की है कि वे अनावश्यक आवाजाही से बचें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करें।
प्रशासन की ओर से जारी सुरक्षा सुझाव
-
बर्फबारी और एवलांच अलर्ट के दौरान उच्च हिमालयी क्षेत्रों में केवल जरूरी होने पर ही यात्रा करें।
-
पुराने हिमस्खलन प्रभावित इलाकों और तीखी ढलानों से दूर रहें।
-
पहले से संवेदनशील घोषित क्षेत्रों में ठहराव या कैंप लगाने से बचें।
-
यदि किसी कारणवश अधिक बर्फबारी वाले इलाकों में फंस गए हों, तो अस्थायी रूप से निचले और सुरक्षित क्षेत्रों की ओर रुख करें।
