रुद्रपुर। पंतनगर पुलिस ने वाहन चोरी के मामलों में लिप्त ऑटोलिफ्टर गैंग के खिलाफ सख्त कदम उठाते हुए गैंगस्टर एक्ट लागू कर दिया है। इस गैंग का सरगना राहुल यादव सहित चार आरोपियों को पुलिस के रडार पर रखा गया है।

थानाध्यक्ष नंदन सिंह रावत ने बताया कि भदईपुरा वार्ड नंबर 14 निवासी राहुल यादव पहले भी नशा तस्करी के मामलों में जेल जा चुका है। जेल से छूटने के बाद उसने गिरोह बनाकर वाहन चोरी शुरू कर दी। गिरोह में वरुण यादव, विकास और इरफान शामिल हैं।
पुलिस ने बताया कि गिरोह की बढ़ती आपराधिक गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए डीएम से गैंगस्टर एक्ट लगाने की अनुमति मांगी गई थी। अनुमति मिलते ही सोमवार को सभी आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई कर दी गई। इनके खिलाफ नशा तस्करी और वाहन चोरी से जुड़े कई मामले दर्ज हैं।
