देहरादून: उत्तराखंड सरकार ने प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ पदों में महत्वपूर्ण फेरबदल किया है। अपर सचिव गृह आईपीएस अधिकारी निवेदिता कुकरेती को अब विशेष सचिव गृह के पद पर पदोन्नत किया गया है। इस संबंध में गृह सचिव शैलेश बगौली ने आदेश जारी किए हैं।

वर्ष 2008 बैच की आईपीएस अधिकारी निवेदिता कुकरेती इस वर्ष ही आईजी पद पर पदोन्नत हुई हैं। उन्होंने इससे पहले कई अहम प्रशासनिक और पुलिस पदों पर सेवाएं दी हैं। वर्तमान में उनके पास एसडीआरएफ की जिम्मेदारी भी है। गृह विभाग और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से उन्हें यह महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा गया है। इससे पहले आईजी रिद्धिम अग्रवाल विशेष सचिव गृह के पद पर कार्यरत थीं, जिन्हें पिछले वर्ष आईजी कुमाऊं की जिम्मेदारी दी गई थी।
वहीं, वर्ष 2007 बैच के आईपीएस अधिकारी सुनील कुमार मीणा को उत्तराखंड पुलिस का मुख्य प्रवक्ता नियुक्त किया गया है। वे वर्तमान में आईजी कानून व्यवस्था के पद पर कार्यरत हैं और प्रदेश के कई जिलों में कप्तान के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। पुलिस मुख्यालय ने उन्हें यह नई जिम्मेदारी संचार और समन्वय के दृष्टिकोण से अहम बताते हुए सौंपी है।
