उत्तरकाशी: गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोनगढ़ के पास रविवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। राजस्थान से आए यात्रियों को लेकर जा रहा एक टेंपो ट्रैवलर ब्रेक फेल होने के बाद अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे पलट गया। वाहन में कुल 17 यात्री सवार थे। हादसे में कुछ यात्रियों को हल्की चोटें आई हैं।

ब्रेक फेल होने के बाद पलटा वाहन
जानकारी के अनुसार, टेंपो ट्रैवलर संख्या UK-14 PA 5006 सोनगढ़ के पास पहुंचा था। इसी दौरान अचानक वाहन के ब्रेक फेल हो गए। चालक ने वाहन को नियंत्रित करने का प्रयास किया, लेकिन वह अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे पलट गया।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और राहत-बचाव टीमों की मदद से सभी यात्रियों को वाहन से बाहर निकाला गया।
घायलों को गंगनानी स्वास्थ्य केंद्र भेजा
दुर्घटना में कुछ यात्रियों को चोटें आई हैं। घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से उपचार के लिए गंगनानी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया जा रहा है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सभी यात्री सुरक्षित हैं और किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।
राहत-बचाव टीमों ने संभाला मोर्चा
हादसे की सूचना मिलते ही संबंधित राहत एवं बचाव टीमें मौके पर पहुंचीं और यात्रियों को सुरक्षित निकालने के साथ आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस और प्रशासन की टीम भी घटना की जानकारी जुटा रही है।
प्रारंभिक तौर पर हादसे की वजह ब्रेक फेल होना बताई जा रही है। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
