रुड़की: हरिद्वार जिले के पिरान कलियर क्षेत्र में शुक्रवार देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य घायल हो गए। कांवड़ पटरी मार्ग पर चार मोटरसाइकिलों की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। गंभीर रूप से घायल एक युवक को बेहतर उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया है।

देर रात हुआ दर्दनाक हादसा
जानकारी के अनुसार, हादसा 21 अगस्त की देर रात पिरान कलियर के कांवड़ पटरी मार्ग पर हुआ। बताया जा रहा है कि चार मोटरसाइकिलें मार्ग से गुजर रही थीं, तभी अचानक उनकी आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि चारों बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसे के बाद राहगीरों और स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई।
पुलिस ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल
घटना की सूचना मिलते ही पिरान कलियर कोतवाली पुलिस और रुड़की सिविल लाइंस पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को 108 एंबुलेंस के जरिए रुड़की सिविल अस्पताल भिजवाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने तीन युवकों को मृत घोषित कर दिया, जबकि छह घायलों का उपचार शुरू किया गया।
तीन युवकों की गई जान
पुलिस के अनुसार हादसे में अयान (18) पुत्र शहजाद निवासी बिझोली, कोतवाली मंगलौर, राजू (24) पुत्र कदम सिंह और राजीव (18) पुत्र मोल्हड़ सिंह निवासी रहमतपुर, कोतवाली पिरान कलियर की मौत हो गई।
वहीं आदित्य चंद्रा (25) पुत्र सुरेंद्र निवासी खंजरपुर गंभीर रूप से घायल हो गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया है। अन्य घायलों का उपचार अस्पताल में जारी है।
हादसे के कारणों की जांच शुरू
एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। प्रारंभिक जांच में चार मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर की बात सामने आई है, लेकिन हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी विस्तृत जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
परिवारों में मचा कोहराम
हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है। इस दर्दनाक हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।
